रायपुर, 17 अक्टूबर 2026।छत्तीसगढ़ में दीपावली के अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को एक दिन की अतिरिक्त छुट्टी मिलेगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए पूर्व में घोषित दीपावली अवकाश में संशोधन करते हुए छुट्टी की अवधि पांच से बढ़ाकर छह दिन कर दी है। संशोधित आदेश के अनुसार प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त और गैर अनुदान प्राप्त स्कूलों के साथ डीएड, बीएड और एमएड महाविद्यालयों में 6 नवंबर से 11 नवंबर 2026 तक दीपावली अवकाश रहेगा।
स्कूल शिक्षा विभाग ने यह संशोधित आदेश 16 अक्टूबर 2026 को जारी किया है। इससे पहले 21 सितंबर 2026 को जारी शैक्षणिक कैलेंडर में दीपावली की छुट्टियां 6 नवंबर से 10 नवंबर तक निर्धारित की गई थीं। अब राज्य शासन ने अवकाश की अवधि में एक दिन की वृद्धि करते हुए इसे 11 नवंबर तक कर दिया है।
इस फैसले से प्रदेश के विद्यार्थियों, शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों को दीपावली पर्व के दौरान अतिरिक्त अवकाश मिलेगा। संशोधित आदेश के बाद अब प्रदेश के स्कूलों और संबंधित महाविद्यालयों में छह दिनों तक दीपावली की छुट्टियां रहेंगी।