रायपुर, 17 अक्टूबर। राजधानी में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट और नगर निगम की संयुक्त टीम ने पचपेड़ी नाका ओवरब्रिज तथा एमएमआई अंडरब्रिज के आसपास अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान बस स्टॉपेज के लिए निर्धारित स्थानों पर अवैध रूप से लगाए गए फल-ठेलों और अन्य कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई से बसों के व्यवस्थित ठहराव का रास्ता साफ हो गया है, जिससे यात्रियों को चढ़ने-उतरने में सुविधा मिलेगी और मुख्य मार्ग पर जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है यह कार्रवाई 14 अक्टूबर को डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा की अध्यक्षता में आयोजित समन्वय बैठक में लिए गए निर्णय के तहत की गई। बैठक में बस संचालकों, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ), नगर निगम और यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की थी।
बैठक में बस संचालकों ने बताया था कि पचपेड़ी नाका और एमएमआई ब्रिज के नीचे यात्रियों के चढ़ने-उतरने के लिए निर्धारित स्थानों पर फल-ठेला व्यवसायियों ने कब्जा कर लिया है। इसके कारण बसों को मुख्य मार्ग पर रोकना पड़ता है, जिससे यातायात बाधित होता है और जाम के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
बस संचालकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए दोनों स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने और बसों का व्यवस्थित ठहराव सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया था। इसी के तहत यातायात पुलिस और नगर निगम के उड़नदस्ते ने संयुक्त कार्रवाई कर अवैध कब्जों और ठेलों को हटाया। इससे बसों के लिए निर्धारित स्टॉपेज बे खाली हो गए हैं।
अतिक्रमण के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रमुख चौराहों, ओवरब्रिजों के नीचे और बस स्टॉपेज जैसे संवेदनशील स्थानों पर अनधिकृत कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। नगर निगम के समन्वय से आने वाले दिनों में भी अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा।
वेंडिंग जोन में ही व्यवसाय करने की अपील
यातायात पुलिस ने फल-सब्जी विक्रेताओं और फुटकर व्यापारियों से अपील की है कि वे बस स्टॉपेज, चौराहों और सार्वजनिक मार्गों पर ठेले या दुकान लगाकर यातायात बाधित न करें। व्यापारियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित वेंडिंग जोन में ही व्यवसाय करने की अपील की गई है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुगम और सुरक्षित बनी रहे।