रायपुर। शहर के प्रमुख मार्गों पर अव्यवस्थित और अवैध पार्किंग के कारण लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष अभियान चलाया। पिछले पांच दिनों में नो-पार्किंग में खड़े 55 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जीई रोड से मेडिकल कॉम्प्लेक्स, राजबंधा मैदान होते हुए अस्पताल और जेल चौराहे की ओर जाने वाला मार्ग सुगम हुआ है।यातायात पुलिस के अनुसार, जीई रोड, एमजी रोड, मालवीय रोड, बॉम्बे मार्केट, प्रेस कॉम्प्लेक्स, राजबंधा मैदान और मेडिकल कॉम्प्लेक्स मार्ग पर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही थी। इससे आम नागरिकों और राहगीरों के साथ अस्पताल जाने वाले मरीजों तथा उनके परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) डॉ. अर्चना झा ने एसीपी शारदा चौक और यातायात थाना प्रभारी शारदा चौक को संबंधित क्षेत्रों में नियमित और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद यातायात पुलिस ने पहले व्यापारियों और दुकानदारों से चर्चा कर उन्हें अपने तथा ग्राहकों के वाहनों को मुख्य मार्ग पर पार्क नहीं कराने की समझाइश दी।
समझाइश के बावजूद पार्किंग व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर पुलिस ने क्रेन की मदद से सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को हटाना शुरू किया। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पांच दिनों में 55 वाहनों के चालान काटे गए।
यातायात पुलिस के मुताबिक, अभियान के बाद संबंधित मार्ग पर यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कार्रवाई लगातार जारी रखने का आग्रह किया है।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना झा ने वाहन चालकों से निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने और सड़क पर यातायात बाधित नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना यातायात पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। वाहन चालक यातायात नियमों का पालन कर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।