रायपुर। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने ई-रिक्शा एवं ऑटो पंजीयन अभियान की अवधि बढ़ाकर 16 से 25 अक्टूबर 2026 तक कर दी है। इस दौरान जिन वाहनों का पंजीयन और क्यूआर कोड लगना शेष है, उनके चालक एवं मालिक ऑनलाइन या नजदीकी यातायात थाने में जाकर निःशुल्क पंजीयन करा सकेंगे।
डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा ने बताया कि अब तक 16 हजार से अधिक ऑटो एवं ई-रिक्शा का पंजीयन किया जा चुका है, जबकि 14,130 वाहनों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं। पंजीयन से वाहन और चालक की डिजिटल पहचान सुनिश्चित होगी तथा यात्रियों की सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी।
उन्होंने बताया कि 1 नवंबर 2026 से नए ऑटो एवं ई-रिक्शा का पंजीयन और क्यूआर कोड लगाने की प्रक्रिया ऑटो शोरूम से ही की जाएगी। यातायात पुलिस ने सभी वाहन संचालकों से निर्धारित अवधि में पंजीयन कराने की अपील की है।