रायपुर, 16 अक्टूबर। राजधानी के कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास कपड़ा कारोबारी के बैग से 53 लाख रुपये की उठाईगिरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मनीष यदु (39) और कमलेश कुशवाहा (36) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात से पहले करीब एक सप्ताह तक कारोबारी की रेकी की थी। 9 अक्टूबर को कारोबारी की एक्टिवा के सामने रखे कपड़े के बैग से नकदी चोरी कर दोनों फरार हो गए थे। पुलिस ने हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की।
आरोपियों ने चोरी की रकम घर में गीजर के अंदर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में छिपाई थी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 53 लाख रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। साथ ही आरोपियों के तीन बैंक खाते फ्रीज कराए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 54 लाख रुपये बताई गई है।