रायपुर, 16 अक्टूबर। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत गरीबों की राशि में हेराफेरी के मामले में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर कबीरधाम जिले में दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों मामलों में बैगा जनजाति के 9 हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर कुल 5 लाख 9 हजार रुपये लेने और मकान नहीं बनाने की शिकायत सामने आई है।
बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत राजाढ़ार में पांच हितग्राहियों से 3 लाख 20 हजार रुपये लेने के आरोप में ठेकेदार कुमार मेरावी के खिलाफ थाना चिल्फी में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, ग्राम पंचायत आमानारा के चार हितग्राहियों से 1 लाख 89 हजार रुपये लेने के आरोप में ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ थाना तरेगांव जंगल में एफआईआर दर्ज की गई है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि गरीबों के आवास निर्माण में लापरवाही और हितग्राहियों के साथ धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी और हितग्राहियों को उनका हक दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।