रायपुर/नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों से बड़ी उपलब्धि मिली है। रेल मंत्रालय ने रायपुर से रावघाट और रायपुर से कुरुद के बीच तीन नई मेमू (MEMU) यात्री ट्रेनों के परिचालन को मंजूरी प्रदान की है। इन ट्रेनों के शुरू होने से राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन की बेहतर, सुविधाजनक और किफायती सुविधा मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को पत्र लिखकर नई रेल सेवाओं को स्वीकृति दिए जाने की जानकारी दी है। स्वीकृत ट्रेनों में एक रायपुर–रावघाट और दो रायपुर–कुरुद मेमू ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों के परिचालन से क्षेत्रीय रेल संपर्क को मजबूती मिलने के साथ ही दैनिक यात्रियों की आवाजाही भी आसान होगी।
दैनिक यात्रियों को मिलेगी राहत
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर, सुगम और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने रेल मंत्री से इन मार्गों पर मेमू ट्रेनों के संचालन का अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार करते हुए रेल मंत्रालय ने मंजूरी प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि नई ट्रेनों के शुरू होने से नौकरीपेशा लोगों, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और इलाज के लिए राजधानी आने वाले मरीजों सहित आम नागरिकों को लाभ मिलेगा। इससे यात्रा में लगने वाले समय की बचत होगी तथा रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के बीच व्यापारिक एवं सामाजिक संपर्क भी मजबूत होगा।
प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार
बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के विकास को प्राथमिकता देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में रेल सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नई मेमू ट्रेनों की मंजूरी से क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
स्वीकृत नई मेमू ट्रेनें

  • रायपुर–रावघाट मेमू: गाड़ी संख्या 68768/68769
  • रायपुर–कुरुद मेमू: गाड़ी संख्या 68772/68771
  • रायपुर–कुरुद मेमू: गाड़ी संख्या 68774/68773
    रेल मंत्रालय से इन ट्रेनों के परिचालन को मंजूरी मिल गई है। हालांकि, इनके संचालन की शुरुआत की तारीख और समय-सारिणी की जानकारी विज्ञप्ति में नहीं दी गई है।