रायपुर।सूखे नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में टिकरापारा थाना पुलिस ने 13 अक्टूबर को भाठागांव बस स्टैंड स्थित सुलभ के पास एक युवक को 2.067 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत 1 लाख 3 हजार 350 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड स्थित सुलभ के पास एक व्यक्ति नीले रंग के पिट्ठू बैग में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा और तलाशी ली। उसके बैग से खाकी रंग के प्लास्टिक टेप में लिपटा 2.067 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरशद खान (25 वर्ष), पिता अय्यूब खान, निवासी चिश्तिया नगर, चर्च के पीछे, थाना टिकरापारा, जिला रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 963/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाना बताया है। पुलिस इस संबंध में उससे विस्तृत पूछताछ कर रही है, ताकि गांजे की आपूर्ति से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व में टिकरापारा पुलिस टीम की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।