रायपुर, 13 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में पीएम-सेतु योजना के तहत दुर्ग और बस्तर क्लस्टर के लिए भिलाई स्टील प्लांट तथा एनएमडीसी लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। योजना के तहत छत्तीसगढ़ के छह क्लस्टरों में 30 शासकीय आईटीआई का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसके लिए पांच वर्षों में लगभग 1,446 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। योजना के अंतर्गत छह हब और 24 स्पोक आईटीआई विकसित किए जाएंगे, जहां आधुनिक मशीनों, उपकरणों और प्रयोगशालाओं के माध्यम से रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
दुर्ग क्लस्टर में आईटीआई दुर्ग हब तथा भिलाई, महिला आईटीआई भिलाई, राजनांदगांव और डौंडीलोहारा स्पोक संस्थान होंगे। वहीं, बस्तर क्लस्टर में आईटीआई बस्तर हब तथा जगदलपुर, गीदम, कोंडागांव और नारायणपुर के आईटीआई स्पोक के रूप में शामिल होंगे।
सरगुजा क्लस्टर में एसईसीएल और कोरबा क्लस्टर में एनटीपीसी की सहभागिता प्रस्तावित है, जबकि रायपुर और रायगढ़ क्लस्टर के लिए उद्योग भागीदारों के चयन की प्रक्रिया जारी है। रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि योजना से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिलेगा और उनकी रोजगार क्षमता बढ़ेगी।