रायपुर, 13 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में सड़क, भवन और अन्य सार्वजनिक अधोसंरचनाओं का निर्माण भविष्य की जरूरतों और आर्थिक विकास की प्राथमिकताओं के अनुरूप किया जाए। परियोजनाओं में समय-सीमा का पालन और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ नियमित रखरखाव पर भी ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में दो और चार लेन सड़कों की आवश्यकता का विस्तृत सर्वे कर दीर्घकालिक रोड नेटवर्क मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूंजीगत निवेश ऐसी परियोजनाओं में किया जाए, जिनसे रोजगार, उद्योग, व्यापार, कृषि और नागरिक सुविधाओं को लाभ मिले।
साय ने स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक भवनों की डिजाइन में भविष्य के विस्तार की जरूरतों को शामिल करने तथा निर्माण कार्यों में आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर दिया। बैठक में अधोसंरचना परियोजनाओं की योजना से लेकर निर्माण और रखरखाव तक एकीकृत डिजिटल निगरानी व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘अंजोर विजन 2047’ के अनुरूप टिकाऊ और आधुनिक अधोसंरचना विकसित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, मुख्य सचिव विकासशील सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
