रायपुर।नवरात्रि पर्व के अवसर पर शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड दूधिया रोशनी से जगमगा उठा। रायपुर नगर निगम के विद्युत विभाग द्वारा राज्य शासन से स्वीकृत अनुदान के तहत 80 लाख रुपये की लागत से स्थापित 16-16 लाइटों वाले आठ नए हाईमास्ट लाइटों का शुभारंभ नवरात्रि के दूसरे दिन नन्ही बालिका कुमारी पुष्पा के हाथों बटन दबाकर कराया गया। इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
हाईमास्ट लाइटों की शुरुआत से बीटीआई ग्राउंड और आसपास के क्षेत्र में बेहतर रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि रोशनी बढ़ने से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखा जाए ग्राउंड : पुरंदर मिश्रा
रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि बीटीआई ग्राउंड को खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखा जाना चाहिए, ताकि बच्चों और युवाओं को खेलकूद के लिए बेहतर स्थान मिल सके। उन्होंने क्षेत्र के विकास के साथ नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।
मीटर लगाकर बिजली खर्च नियंत्रित करेंगे : महापौर
महापौर मीनल चौबे ने नए हाईमास्ट लाइटों के बिजली खर्च को नियंत्रित रखने के लिए उनमें मीटर लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि आयोजनकर्ताओं से विद्युत खपत के अनुसार लागत राशि लेकर बिजली देयकों को नियंत्रित किया जाएगा। नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने भी हाईमास्ट लाइटों के उपयोग और बिजली खर्च की नियमित निगरानी करने तथा जरूरत के अनुसार इनके इस्तेमाल पर जोर दिया।
असामाजिक गतिविधियों पर लगेगा अंकुश
छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि ग्राउंड में रोशनी की बेहतर व्यवस्था होने से असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी। वहीं, शंकर नगर वार्ड क्रमांक 30 के पार्षद राजेश गुप्ता ने नई हाईमास्ट लाइटों की सौगात के लिए विधायक, महापौर, सभापति सहित सभी जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से क्षेत्र में सुरक्षा बेहतर होगी और नागरिकों को असामाजिक तत्वों से राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष किशोर महानंद, नगर निगम विद्युत विभाग अध्यक्ष सुमन पांडेय, जल विभाग अध्यक्ष संतोष साहू, जोन क्रमांक 3 की अध्यक्ष साधना साहू, पार्षद पुष्पा साहू और प्रदीप वर्मा, एल्डरमैन मित्रसेन धीमान एवं राजू राघवानी, पूर्व पार्षद डॉ. प्रमोद साहू, सामाजिक कार्यकर्ता अनूप खेलकर और सोनू सलूजा सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे।