रायपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध जस गीत गायक दिलीप षडंगी ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से भक्तिमय माहौल बना दिया। उनके लोकप्रिय जस गीतों ने उपस्थित पत्रकारों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोक कला, संस्कृति और जस गीतों की समृद्ध परंपरा पर चर्चा करते हुए स्थानीय कलाकारों को अधिक अवसर देने की अपील की।
दिलीप षडंगी ने अपने संगीत सफर के अनुभव साझा करते हुए बताया कि संगीत साधना के दौरान उनका जुड़ाव माता की भक्ति से गहराता चला गया। माता की आराधना से जुड़े भाव उनके गीतों में उतरने लगे। जब उन्होंने इन गीतों को अपनी आवाज दी, तो श्रोताओं ने उन्हें खूब पसंद किया। जस गीतों के माध्यम से उन्हें व्यापक पहचान मिली और वे छत्तीसगढ़ के प्रमुख लोक कलाकारों में शामिल हो गए।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी जस गीतों में माता की भक्ति की अद्भुत शक्ति है। इन गीतों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर होकर भक्ति में झूमने लगते हैं। जस गीतों की लोकप्रियता केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के बाहर भी इनके प्रति लोगों का विशेष आकर्षण देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और संगीत की विशिष्ट पहचान को देशभर में पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
स्थानीय कलाकारों को मिले उचित मंच
दिलीप षडंगी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भक्ति संगीत और लोक गायन के क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन कई बार स्थानीय कलाकारों को अपेक्षित अवसर नहीं मिल पाते। आयोजनों में बाहरी कलाकारों पर बड़ी राशि खर्च की जाती है, जबकि प्रदेश के प्रतिभाशाली कलाकारों को भी अपनी कला प्रस्तुत करने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए।
उन्होंने आयोजकों और आम लोगों से छत्तीसगढ़ी संगीत, संस्कृति और लोक परंपराओं को बढ़ावा देने की अपील की। साथ ही सरकार से लोक कलाकारों के प्रोत्साहन, आर्थिक सहायता और समय पर सहयोग की व्यवस्था को बेहतर बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि कलाकारों को उचित मंच और सम्मान मिलेगा, तो प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और अधिक समृद्ध होगी।
लोकप्रिय जस गीतों की दी प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के आग्रह पर दिलीप षडंगी ने ‘आमा पान के पतरी, करेला पान के दोना’ और ‘कोरी-कोरी नारियल चढ़े’ जैसे लोकप्रिय जस गीत प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों से प्रेस क्लब का वातावरण भक्तिमय हो गया और उपस्थित लोगों ने गीतों का आनंद लिया।
इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यादव, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे। ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में लोक कला, संस्कृति और भक्ति संगीत का यह संगम नवरात्रि के उल्लास को और खास बना गया।