रायपुर, 14 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कार्टून केवल हास्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और लोकतंत्र का सशक्त दर्पण है। यह गंभीर विषयों को हास्य-व्यंग्य के जरिए सहजता से लोगों तक पहुंचाने के साथ सोचने और आत्ममंथन के लिए प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री बुधवार को रायपुर में कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवा कार्टूनिस्टों से अपनी रचनात्मकता को नई उड़ान देने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूर्ण होने पर संपादक त्र्यंबक शर्मा और उनकी टीम को बधाई दी। सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित वरिष्ठ पत्रकार, कार्टूनिस्ट और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।