रायपुर, 11 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह स्थित स्वर्ण जयंती चौक के पास शोभायात्रा के दौरान हुए विवाद में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान एक नाबालिग ने कथित तौर पर टेंट में इस्तेमाल होने वाले पेपर कटर से युवक की जांघ के पास वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद फरार हुए विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर पकड़ लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गौरव सेन, पिता पुरुषोत्तम सेन, निवासी स्वर्ण जयंती चौक, अमलीडीह के रूप में हुई है। घटना 10 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे की है। मोहल्ले में शोभायात्रा के अवसर पर गौरव सेन सहित बड़ी संख्या में लोग स्वर्ण जयंती चौक पर मौजूद थे। इसी दौरान शोर-शराबे और झगड़े की आवाज सुनकर उसका बड़ा भाई अजय सेन मौके पर पहुंचा। वहां उसने गौरव को खून से लथपथ हालत में देखा।
जानकारी के मुताबिक, एक लड़के के साथ धक्का-मुक्की के बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान लड़के ने पास में पड़े धारदार पेपर कटर से गौरव की जांघ के पास वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। परिजन घायल गौरव को उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एंटी क्राइम यूनिट और न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के भाई सहित आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना में संलिप्त विधि से संघर्षरत बालक को कुछ ही घंटों के भीतर पकड़ लिया।
पूछताछ में बालक ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान हुए तत्कालिक विवाद के बाद उसने टेंट में इस्तेमाल होने वाला पेपर कटर उठाकर गौरव सेन की जांघ के पास वार किया था। इसके बाद वह घटनास्थल से भाग गया था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पेपर कटर जब्त कर लिया है। मामले में थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 363/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में अपराध दर्ज कर विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।