रायपुर, 11 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार का संकल्प प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से छत्तीसगढ़ मध्य भारत के प्रमुख मेडिकल हब के रूप में तेजी से उभर रहा है। सरकार का प्रयास है कि गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए प्रदेशवासियों को दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े।
मुख्यमंत्री साय रविवार को राजधानी रायपुर के देवपुरी में लगभग एक एकड़ क्षेत्र में निर्मित 125 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी प्रथमेश हॉस्पिटल के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने फीता काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया और वहां उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों और पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अस्पताल प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रदेश में ही मिलेंगी आधुनिक उपचार सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारी की स्थिति में मरीजों और उनके परिजनों को दूसरे राज्यों में उपचार कराने के लिए जाना पड़ता है। इससे आर्थिक बोझ बढ़ने के साथ कई व्यावहारिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में ही विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार हो, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।
उन्होंने कहा कि रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आधुनिक अस्पतालों और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम होगी। इसका लाभ छत्तीसगढ़ के नागरिकों के साथ आसपास के राज्यों से आने वाले मरीजों को भी मिलेगा। सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में मजबूत हेल्थकेयर इकोसिस्टम तैयार हो रहा है।
आयुष्मान भारत से जरूरतमंद परिवारों को राहत
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता में व्यापक सुधार हुआ है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। छत्तीसगढ़ में भी पात्र परिवार इस योजना के तहत निःशुल्क उपचार का लाभ उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आर्थिक अभाव किसी भी व्यक्ति के इलाज में बाधा न बने। जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। सुदूर वनांचलों और जनजातीय क्षेत्रों में भी बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नवा रायपुर में 200 एकड़ में बनेगी आधुनिक मेडिसिट
मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इससे प्रदेश में सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के साथ मेडिकल टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा। परियोजना से चिकित्सा क्षेत्र में नए निवेश और रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि रायपुर और नवा रायपुर में आधुनिक चिकित्सा संस्थानों के विस्तार से छत्तीसगढ़ की पहचान एक प्रमुख हेल्थकेयर डेस्टिनेशन के रूप में मजबूत होगी। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के लोगों को गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए बाहर न जाना पड़े, बल्कि दूसरे राज्यों के मरीज भी बेहतर इलाज के लिए छत्तीसगढ़ आएं।
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी दी शुभकामनाएं
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य सुखी और समृद्ध जीवन का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। प्रथमेश हॉस्पिटल जैसी आधुनिक चिकित्सा संस्थाओं के शुरू होने से प्रदेशवासियों को बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने के साथ निजी क्षेत्र में भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। प्रथमेश हॉस्पिटल के शुरू होने से लोगों को सुपर स्पेशलिटी उपचार का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक मोतीलाल साहू, प्रथमेश हॉस्पिटल ग्रुप के डॉ. राजीव साहू, डॉ. सारिका साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।