रायपुर। उर्स त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की गोलबाजार थाना पुलिस ने बंजारी दरगाह उर्स में शामिल संदल जुलूस के दौरान विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 11 चाकू और 350 से अधिक धातु के कड़े जब्त किए। मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया, जबकि 9 अन्य लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य उर्स के दौरान आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना, अवैध हथियारों की धरपकड़ करना और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना था।
45 किलो से अधिक वजन के धातु के कड़े जब्त
चेकिंग के दौरान पुलिस ने हाथ में पहनने वाले 350 से अधिक धातु के कड़े जब्त किए। इनका कुल वजन लगभग 45 किलोग्राम बताया गया है। इसके अलावा 11 चाकू भी बरामद किए गए। चाकू रखने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
9 लोगों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
संदल और चादर जुलूस में शामिल विभिन्न स्थानों से आए 50 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर जांच की गई। इनमें से 9 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी 9 व्यक्तियों को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट, सिटी कोतवाली के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि अवैध हथियार रखने वालों, संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए नियमित चेकिंग के साथ विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।