नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव ने की निगम के कार्यों की समीक्षा, अधूरे निर्माण कार्यों में तेजी लाने और शिकायतों का समय पर निराकरण करने को कहा
रायपुर, 10 अक्टूबर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने भिलाई नगर निगम के अधिकारियों को दीपावली से पहले शहर को कचरामुक्त बनाने और नागरिकों को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों को सेवाएं देने में देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव बोरा ने भिलाई नगर निगम के विभिन्न कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, निर्माण कार्यों और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने और नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की हिदायत दी। बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश क्षीरसागर, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल और भिलाई नगर निगम की आयुक्त सुरुचि सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रोज सुबह फील्ड में उतरेंगे अधिकारी
प्रमुख सचिव ने जोन कमिश्नरों, उपायुक्तों और अपर आयुक्तों को प्रतिदिन सुबह अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी क्षेत्र की व्यवस्थाओं, सफाई और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लें। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों और कार्यों की स्थिति की रिपोर्ट निर्धारित ग्रुप में साझा की जाए, ताकि समस्याओं का समय रहते निराकरण किया जा सके।
दीपावली से पहले स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर
शहर की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बोरा ने सभी जोन कमिश्नरों को दीपावली से पहले भिलाई को कचरामुक्त बनाने का लक्ष्य दिया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत कचरा प्रबंधन, कचरे के उचित प्रसंस्करण और प्रसंस्करण संयंत्रों की स्थापना एवं संचालन से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा। साथ ही सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और कचरे के व्यवस्थित निपटान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। अधूरे निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करें
15वें वित्त आयोग के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने, तकनीकी बाधाओं का तत्काल निराकरण करने और नियमित समीक्षा के माध्यम से निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
आवास निर्माण में दिव्यांगों और बुजुर्गों की जरूरतों का ध्यान रखें
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की समीक्षा के दौरान बोरा ने कहा कि आवास निर्माण में बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और बच्चों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए। आवास सुरक्षित और सुविधाजनक होने के साथ सभी वर्गों के अनुकूल होने चाहिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और ई-बस सेवा योजना शुरू करने की तैयारियों में तेजी लाने को भी कहा।
जल संरक्षण और राजस्व वसूली में सुधार के निर्देश
बैठक में जल प्रदाय, जल संरक्षण, मिशन अमृत और तालाबों के रखरखाव से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने जल स्रोतों के संरक्षण और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप जल उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही संपत्ति कर वसूली, ग्रीन बॉन्ड, बिजली बिलों और अन्य वित्तीय विषयों की समीक्षा करते हुए राजस्व संग्रहण में सुधार लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने ऑनलाइन नागरिक सेवाओं, ई-ऑफिस और डिजिटल व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता भी बताई।
निदान-1100 की शिकायतों का समय पर हो निराकरण
प्रमुख सचिव ने निदान-1100 के माध्यम से मिलने वाली नागरिक शिकायतों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, संयुक्त संचालक मिथिलेश अवस्थी, मुख्य अभियंता राजेश शर्मा सहित विभाग, सूडा और भिलाई नगर निगम के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।
