किसान पिता की आर्थिक परेशानी दूर करने मुख्यमंत्री ने तत्काल दी सहायता,

रिमोन को गोद में लेकर दुलारा और कहा- यह केवल आपका नहीं, हमारा भी बेटा है

रायपुर, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल से सक्ती जिले के 10 वर्षीय रिमोन टंडन और उसके परिवार को बड़ी राहत मिली है। दुर्लभ बीमारी से पीड़ित रिमोन के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत तत्काल 12 लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। बेटे के महंगे इलाज का खर्च जुटाने में असमर्थ किसान पिता के लिए यह सहायता नई उम्मीद लेकर आई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात के दौरान रिमोन अपने माता-पिता के साथ पहुंचा था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चे को गोद में उठाकर दुलारा और उसके स्वास्थ्य एवं उपचार के संबंध में परिजनों से जानकारी ली। परिवार की आर्थिक स्थिति और इलाज पर होने वाले खर्च की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने तत्काल 12 लाख रुपए की सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने रिमोन के माता-पिता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि “यह केवल आपका नहीं, हमारा भी बेटा है। इसके स्वास्थ्य की चिंता करना हमारी भी जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि रिमोन के उपचार में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी और उसके इलाज के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है रिमोन
सक्ती जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम धुरकोट निवासी रिमोन टंडन ‘आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन की कमी (टाइप ए-1)’ जैसी दुर्लभ बीमारी से जूझ रहा है। चिकित्सकों ने उसके उपचार के लिए विशेष चिकित्सा की आवश्यकता बताई है, जिस पर करीब 12 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है।
रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आमदनी के कारण बेटे के इलाज के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना उनके लिए मुश्किल हो रहा था। बेटे के उपचार को लेकर चिंतित परिवार को मुख्यमंत्री की पहल से बड़ी राहत मिली है। सहायता स्वीकृत होने से रिमोन को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने की राह आसान हुई है।
किसान पिता ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके परिवार के लिए बेटे के इलाज का खर्च उठाना संभव नहीं था। वे लंबे समय से रिमोन के स्वास्थ्य और उपचार को लेकर चिंतित थे। ऐसे कठिन समय में मुख्यमंत्री ने उनकी परेशानी को समझते हुए तत्काल आर्थिक सहायता स्वीकृत की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनके बेटे के इलाज की चिंता को अपनी चिंता समझा है। सरकार के सहयोग से अब उन्हें उम्मीद है कि रिमोन को आवश्यक उपचार मिल सकेगा। उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में परिवार का साथ देने के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का धन्यवाद किया।
गीत सुनाकर रिमोन ने जताया आभार
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भावुक और आत्मीय पल भी देखने को मिला। सहायता मिलने से खुश रिमोन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को गीत सुनाकर उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक उसका गीत सुना और उसका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने रिमोन को खूब पढ़ने, आगे बढ़ने और स्वस्थ होकर अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने रिमोन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि बच्चे की मुस्कान और उसका स्वस्थ भविष्य ही सबसे बड़ी खुशी है।
जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल बनी स्वास्थ्य सहायता योजना
मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से गंभीर और दुर्लभ बीमारियों से जूझ रहे पात्र जरूरतमंद मरीजों को उपचार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी मरीज का इलाज बाधित न हो और गंभीर बीमारी से जूझ रहे परिवारों को आर्थिक संकट का अकेले सामना न करना पड़े।
रिमोन के इलाज के लिए 12 लाख रुपए की सहायता स्वीकृत किया जाना इसी दिशा में उठाया गया कदम है। इससे एक किसान परिवार को बड़ी आर्थिक चिंता से राहत मिली है और रिमोन के बेहतर उपचार की उम्मीद मजबूत हुई है।