जशपुर, 10 अक्टूबर। जशपुर जिले में ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस ने गौ-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 65 गौवंशों को मुक्त कराया है। इनमें से दो गौवंशों की मौत हो चुकी थी। मामले में पुलिस ने झारखंड के गुमला जिले के ग्राम सिसई निवासी रेहान अंसारी (34) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंटेनर ट्रक क्रमांक NL-01-AB-7655 में गौवंशों को अंबिकापुर की ओर से झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने ग्राम पेटा में नाकाबंदी की। 10 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर ग्राम खंटाडांड़ में ट्रक को पकड़ लिया।
कंटेनर की तलाशी में 65 गौवंश मिले, जिन्हें अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पुलिस ने गौवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए ट्रक जब्त कर लिया। इसके अलावा, तस्करी के लिए रास्ते की रेकी कर रही मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार क्रमांक JH-01-BR-9492 भी जब्त की गई है। कार सवार आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
थाना बगीचा में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) तथा बीएनएस की धारा 325 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक गौ-तस्करी के 98 मामलों में 1108 गौवंश मुक्त कराए गए हैं। इन मामलों में 131 आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ 36 वाहन जब्त किए गए हैं।