रायपुर, 8 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर उठ रहे सवालों पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है। चौक के नाम में कोई परिवर्तन नहीं होगा और न ही उसके मूल स्वरूप से किसी प्रकार की छेड़छाड़ की जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से चर्चा में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेश के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक को लेकर किसी प्रकार का भ्रम नहीं होना चाहिए। चौक का नाम तेलीबांधा चौक ही रहेगा, केवल इसे ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
दुर्ग में जारी होगी महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वे आज दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी माताओं-बहनों को इसके लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि दुर्ग जिले को इस अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात भी मिलेगी। राज्य सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ छत्तीसगढ़ के प्रत्येक क्षेत्र और हर वर्ग के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।