रायपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फाफाडीह यातायात थाना पुलिस ने क्षमता से अधिक बच्चों को ऑटो में बैठाकर ले जाने वाले तीन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। जांच के दौरान तीन स्कूली ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाते पाया गया।
यातायात पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 179 एवं 125/177 के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने चालकों को सख्त हिदायत दी कि ऑटो की निर्धारित सीट क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाया जाए। साथ ही ड्राइवर सीट के अगल-बगल बच्चों को नहीं बैठाने के निर्देश दिए गए, क्योंकि इससे वाहन के अनियंत्रित होने का खतरा बना रहता है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से भी अपील की है कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों की क्षमता और सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल यातायात पुलिस को सूचना दें।