रायपुर, 7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाने की घोषणा की। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत की भावना के प्रतीक होंगे। उन्होंने नागरिकों को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से तेलीबांधा चौक तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवा और नागरिक शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों का सेवाकाल सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की प्रेरक यात्रा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी जरूरी है। इस दिशा में राज्य सरकार ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के तहत कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।