रायपुर, 4 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित पीएम आवास योजना (शहरी) पुरस्कार-2026 समारोह में छत्तीसगढ़ को सम्मान ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया गया है। समारोह का आयोजन 5 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में प्रदेश में शहरी गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने के लिए योजना के क्रियान्वयन पर जोर दिया जा रहा है। राज्य में आवास निर्माण की प्रगति, लंबित आवासों की पूर्णता और हितग्राहियों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में निगरानी की जा रही है।
समारोह में छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री अरुण साव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी-सह-राज्य मिशन संचालक, पीएमएवाई (शहरी) सुमित अग्रवाल शामिल होंगे।
विभाग के अनुसार, नगरीय निकायों के साथ समन्वय कर आवास स्वीकृति से लेकर निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता तक विभिन्न स्तरों पर निगरानी की जा रही है। इसका उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराना है।
पक्के घर से सुरक्षा और सम्मान
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर जीवन का आधार देने का प्रयास किया जा रहा है। पक्के आवास से परिवारों को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान के साथ बच्चों की शिक्षा तथा स्वास्थ्य के लिए बेहतर वातावरण मिलने की उम्मीद है।
राज्य सरकार के अनुसार, योजना के क्रियान्वयन में नगरीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, तकनीकी अमले और हितग्राहियों की भागीदारी रही है। भारत सरकार की ओर से पुरस्कार समारोह में आमंत्रण को प्रदेश में शहरी आवास योजना के सामूहिक प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान के रूप में देखा जा रहा है।