रायपुर। रायपुर की पत्रकारिता में समर्पित योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय पंकज शर्मा की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से उनकी प्रतिमा का अनावरण समारोह मंगलवार, 6 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। समारोह शाम 5 बजे खो-खो पारा स्थित पंकज गार्डन में होगा।
समारोह में छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि सांसद बृजमोहन अग्रवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर स्व. पंकज शर्मा के परिजन, विधायक अनुज शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन रायपुर प्रेस क्लब, अखंड ब्राह्मण समाज छत्तीसगढ़ एवं विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंधन समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से स्व. पंकज शर्मा के पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान और उनकी स्मृतियों को सम्मानपूर्वक संजोने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजकों ने रायपुर प्रेस क्लब के सभी पत्रकार साथियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से समारोह में गरिमामय उपस्थिति की अपील की है।