बलौदाबाजार। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को बलौदाबाजार के पं. चक्रपाणि शुक्ल हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में खेल एवं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा विशेष रूप से मौजूद रहीं। दीप प्रज्ज्वलन, खिलाड़ियों के मार्च पास्ट और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत हुई।
उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। बच्चों के लिए पढ़ाई के साथ खेल भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिस दिन हर बच्चा यह तय कर लेगा कि उसके लिए खेलना जरूरी है, उस दिन वह जीवन में किसी न किसी क्षेत्र में जरूर सफलता हासिल करेगा। उन्होंने बच्चों से किताबों के साथ खेल मैदान में भी पसीना बहाने का आह्वान किया।
खेल मैदानों के संरक्षण पर जोर
सांसद अग्रवाल ने बच्चों के लिए सिकुड़ते खेल मैदानों पर चिंता जताते हुए कहा कि कोचिंग, ट्यूशन और पढ़ाई के बढ़ते दबाव के कारण बच्चों का खेलों की ओर रुझान कम हो रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों के खेल मैदानों का डीएमएफ सहित अन्य मदों से समतलीकरण और संरक्षण कराया जाए।
उन्होंने कहा कि स्कूलों के खेल मैदानों में जरूरत से ज्यादा पेवर ब्लॉक या कंक्रीट का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। बच्चों के सुरक्षित खेल के लिए पर्याप्त कच्चे मैदान उपलब्ध रहना जरूरी है। उन्होंने कम से कम 10 हजार वर्गफीट से अधिक क्षेत्र में मिट्टी के मैदान विकसित करने पर जोर दिया।
खिलाड़ियों की उपलब्धियों का किया उल्लेख
पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए अग्रवाल ने कहा कि करीब 15 वर्ष पहले प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में बच्चे बिना जूते-मोजे या चप्पलों में पहुंचते थे, लेकिन आज स्थिति बदली है। अब प्रदेश के बच्चे पांचों संभागों की जर्सी और बेहतर खेल किट के साथ आत्मविश्वास से मैदान में उतर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में 248 प्रतिभावान खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर सीधी सरकारी नौकरी दी गई थी तथा बोर्ड परीक्षाओं में खिलाड़ियों को बोनस अंक देने की शुरुआत की गई थी। उन्होंने छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव सहित राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय महिला क्रिकेट और हॉकी टीमों के प्रदर्शन का उदाहरण देते हुए खिलाड़ियों को देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
सांसद ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता में दूर-दराज से आए किसी भी खिलाड़ी को भोजन, आवास और परिवहन संबंधी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
पांच संभागों के 480 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा से कुल 480 बालक-बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रत्येक जोन से 48 बालक और 48 बालिकाएं प्रतियोगिता में शामिल हैं। खिलाड़ी कुराश, रग्बी और नेटबॉल सहित विभिन्न स्पर्धाओं में अपना कौशल दिखाएंगे। प्रतियोगिता में 50 से अधिक कोच, पीटीआई और रेफरी भी शामिल हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा गोलू जायसवाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अशोक जैन, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, खेल अधिकारी, खेलप्रेमी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
