जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर टाटा आईसर ट्रक से 632.380 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के बहराईच निवासी 42 वर्षीय विनोद कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांजा उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था। पुलिस ने गांजा, तस्करी में प्रयुक्त ट्रक, दो मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये की जप्ती की है।
सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देश और डीआईजी एवं जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 4 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा बैरियर पर उड़ीसा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक में ऊपर खाली बोतलों से भरी बोरियां रखी गई थीं। इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की गई तो टेप से लिपटे पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार कुल 20 बोरियों में 597 पैकेट मिले, जिनका वजन 632 किलो 380 ग्राम था। ट्रक में मौजूद व्यक्ति से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने अपना नाम विनोद कुमार गुप्ता, निवासी ग्राम बेरिया खलीलपुर, थाना देहात कोतवाली, जिला बहराईच, उत्तर प्रदेश बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 632.380 किलो गांजा, ट्रक, दो मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नकद जब्त किए। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये, ट्रक की कीमत करीब 25 लाख और मोबाइल की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 87/2026, धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक इसकी डिलीवरी होनी थी। तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
दो दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
जशपुर पुलिस ने लावाकेरा क्षेत्र में नशे के खिलाफ दो दिन में लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। इससे पहले 2 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस ने एक टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.630 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही कार्रवाई से उड़ीसा सीमा से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस की सख्त निगरानी का संकेत मिलता है।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को नगद पारितोषिक से पुरस्कृत किया जाएगा और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
