रायपुर। गुढ़ियारी के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में दीवार में छेद कर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और रामनगर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले ज्वेलर्स दुकान की रेकी की। 26-27 सितंबर की रात दीवार में आधा छेद किया और 29-30 सितंबर की रात उसी छेद को बड़ा कर दुकान में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई। पूछताछ में विशाल सचदेव ने बताया कि महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री चलाने के लिए लिए गए कर्ज और आर्थिक नुकसान के चलते उसने चोरी की योजना बनाई थी। उसने फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर सोने के आभूषण, करीब 3.5 किलो चांदी के आभूषण, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, स्वीफ्ट कार और बिना नंबर की एक्टिवा समेत करीब 14.51 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाने में अपराध क्रमांक 430/26 के तहत बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
