नई दिल्ली/रायपुर, 2 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में मुख्यमंत्री ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलते हुए पूरी दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। उनके विचार समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और आत्मनिर्भरता की भावना से जुड़े थे। गांधीजी का जीवन सत्य के मार्ग पर अडिग रहते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। शास्त्रीजी का दिया ‘जय जवान-जय किसान’ का मंत्र देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों और किसानों के योगदान को रेखांकित करता है।
सीएम साय ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं आदर्श जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।
