रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 80 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थिया रितु कश्यप 26 सितंबर को अपने माता-पिता के गांव गई थीं। अगले दिन 27 सितंबर को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ था और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। शिकायत पर टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 912/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रोबिनसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त ईशु अग्रवाल के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ संदेहियों से पूछताछ और तकनीकी जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की पहचान की और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर करण सागर उर्फ कान्हा, तेजेश्वर यादव और चेतन साहू को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये है, बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी

  1. करण सागर उर्फ कान्हा, उम्र 28 वर्ष, मठपुरैना बीएसयूपी कॉलोनी, ब्लॉक नंबर 20, टिकरापारा, रायपुर।
  2. तेजेश्वर यादव, उम्र 30 वर्ष, रावतपुरा कॉलोनी फेस-1, हनुमान गली, टिकरापारा, रायपुर।
  3. चेतन साहू, उम्र 24 वर्ष, मठपुरैना बमलाई चौक, कृष्णा ज्वेलर्स के पास, टिकरापारा, रायपुर।
    पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305 और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। मामले में टिकरापारा थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।