रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। नेशनल हाईवे-30 स्थित मरकाटोला घाट में हुए सड़क हादसे में घायल कवर्धा के लोगों से उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने घायलों का हाल जाना और उनके परिजनों से उपचार एवं अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने घायल रोमन सोरा से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। परिजनों ने अस्पताल में उपचार व्यवस्था पर संतोष जताया। इसके बाद उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों से घायल की स्थिति और आगे के उपचार के संबंध में जानकारी ली। चिकित्सकों ने बताया कि रोमन सोरा के पैरों का ऑपरेशन किया जाना है। शारीरिक स्थिति सामान्य होने के बाद आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों और संबंधित अधिकारियों को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हादसे में घायल लोगों के इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।
हादसे के बाद से उप मुख्यमंत्री लगातार घायलों के उपचार की जानकारी ले रहे हैं। एक घायल को बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की गई है। वहीं, घायलों के परिजनों के ठहरने के लिए सेवा सदन में निःशुल्क व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई थी।
इधर, स्वास्थ्य में सुधार के बाद चार घायल अरमान कोसले, गणेश पात्रे, प्रदीप साहू और दीप चन्द्र को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
इस दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुंदरानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।