जशपुर, 2 अक्टूबर 2026। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 440.63 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में उत्तर प्रदेश निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांजा मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक्स टीम एवं थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई।
वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों ग्राम मुंडेरा, थाना ढूंमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने ट्रक में मिर्ची की बोरियां लोड होने और उन्हें उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात कही।
पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन में रखी बोरियों की गहन जांच की। ऊपर की तरफ मिर्ची की बोरियां मिलीं, जिन्हें हटाने पर नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर उनमें गांजा बरामद हुआ। गवाहों की मौजूदगी में जांच करने पर 14 बोरियों से कुल 440 पैकेट गांजा मिला, जिसका वजन 440.63 किलोग्राम था।
पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल टाटा आईसर मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह मामले में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जप्ती की गई है।
मामले में थाना तपकरा में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज ले जाने की बात बताई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक इसकी डिलीवरी होनी थी।
16 मामलों में 1906 किलो गांजा जब्त
जशपुर पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलोग्राम गांजा बरामद किया जा चुका है। इन मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं।
कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच कर रही है। गांजा कहां से खरीदा गया, इसके पीछे कौन लोग हैं और इसे उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था, इन सभी बिंदुओं पर विवेचना जारी है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।