रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद एवं भाजपा प्रकोष्ठ संकुल के राष्ट्रीय संयोजक वी.डी. शर्मा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, मंत्री केदार कश्यप सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक आयोजित सेवा संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यात्रा प्रधानमंत्री की जन्मभूमि वडनगर से शुरू होकर उनकी कर्मभूमि वाराणसी तक जाएगी।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के कार्यकाल में सेवा को शासन और संगठन का मूलमंत्र बनाया। उन्होंने गुजरात मॉडल, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों के जरिए विकास को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
गांव-गांव पहुंचेंगे युवा मोर्चा के कार्यकर्ता
वी.डी. शर्मा ने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक की सेवा संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल को समर्पित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अंत्योदय के संकल्प को आगे बढ़ाया।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ता स्वच्छता अभियान, रक्तदान, वृक्षारोपण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार जैसे सेवा कार्य करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली यात्रा में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
शर्मा के अनुसार सेवा संकल्प यात्रा देश के विभिन्न राज्यों से होते हुए छत्तीसगढ़ में पांच मार्गों से प्रवेश करेगी। यात्रा प्रदेश के विभिन्न जिलों से गुजरने के बाद उत्तर प्रदेश और झारखंड की ओर आगे बढ़ेगी। छत्तीसगढ़ में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया जाएगा।