धमतरी। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच कुरुद विकासखंड के ग्राम सिरसिदा स्थित प्रसिद्ध मारुति धाम मंदिर में फंसे पुजारी को SDRF की टीम ने शनिवार सुबह सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों में पानी भरने तथा तेज बहाव के कारण पुजारी शुक्रवार शाम से मंदिर में फंसे हुए थे।
जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के चलते मारुति धाम और आसपास का क्षेत्र पूरी तरह जलमग्न हो गया था। जलस्तर बढ़ने से मंदिर तक आवागमन बंद हो गया। इसकी सूचना जिला प्रशासन को मिलने के बाद आपदा प्रबंधन टीम को तत्काल सक्रिय किया गया।
शनिवार सुबह SDRF के जवानों ने प्रतिकूल मौसम और तेज जल प्रवाह के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जवानों ने जलभराव और पानी के बहाव का आकलन करने के बाद सुरक्षित बोट के जरिए मंदिर तक पहुंच बनाई और पुजारी को सकुशल बाहर निकालकर गांव तक पहुंचाया।
जलभराव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील
रेस्क्यू के बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें जिले के संवेदनशील एवं जलभराव वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों, रपटों और तेज बहाव वाले जलभराव क्षेत्रों में जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या राहत दल को सूचना दें।