रायपुर, 25 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार, 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं। यह अवकाश प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में लागू रहेगा।
मुख्यमंत्री साय ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और आवागमन में परेशानी की स्थिति बन सकती है। ऐसे में स्कूली बच्चों को किसी तरह का जोखिम न उठाना पड़े, इसके लिए प्रदेशभर के विद्यालयों में एक दिन का अवकाश रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घर पर ही रखें, मौसम की स्थिति को लेकर सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
उन्होंने संबंधित विभागों और सभी जिला कलेक्टरों को अवकाश संबंधी आदेश का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
