रायपुर, 20 सितंबर 2026। रायपुर के थाना तेलीबांधा क्षेत्र में हुए करोड़ों रुपये के वॉश एंड वॉश (ब्लैक करेंसी स्कैम) ठगी मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूर्व में गिरफ्तार 9 आरोपियों के बाद अब इस मामले में कुल 11 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना तेलीबांधा में दर्ज अपराध क्रमांक 330/26, धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत प्रकरण की जांच जारी है। पूर्व में पुलिस ने कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय, दीपिका पॉलीवाल, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन उर्फ शेट्टी उर्फ रेड्डी, मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर, विवेक सिंह, शुभम पांडेय, योगेन्द्र चौहान और बालमुकुंद दीक्षित को गिरफ्तार किया था।
4 करोड़ रुपये से अधिक की नगदी जब्त
पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 4 करोड़ रुपये से अधिक की नगदी, 20 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, नोट के आकार के काले पेपर, कांच की प्लेट्स, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की थी। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4 करोड़ 2 लाख रुपये बताई गई है।
डिजिटल साक्ष्यों से दो आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से गिरोह में शामिल अन्य लोगों, उनके आपसी संपर्कों और घटना में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ की। साथ ही, जब्त मोबाइल फोन और उनमें उपलब्ध डिजिटल सामग्री का तकनीकी परीक्षण एवं विश्लेषण किया गया।
पुलिस के मुताबिक, तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ से रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह तथा दीपक सिंह की संलिप्तता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और लगातार निगरानी एवं तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से उन्हें लोकेट कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह (39 वर्ष)
- पिता : नंदकिशोर सिंह
- पता : 106 जे 04, रुस्तमजी ग्लोबल सिटी, थाना विरार वेस्ट, जिला पालघर, मुंबई।
2. दीपक सिंह (46 वर्ष) - पिता : वीरेन्द्र सिंह
- पता : 002, डी विंग, रोज गार्डन बिल्डिंग, मीरा रोड, थाना काशीमीरा, जिला पालघर, मुंबई।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों से मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की गई।
