रायपुर, 16 सितंबर 2026। शासकीय मेडिकल कॉलेज कवर्धा में नए शैक्षणिक सत्र और प्रथम बैच की पढ़ाई का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा और सांसद संतोष पाण्डेय ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का एप्रॉन, स्टेथोस्कोप, पेन और गुलाब का फूल देकर स्वागत किया।
विजय शर्मा ने विद्यार्थियों से कहा कि डॉक्टर बनना अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि समाज की सेवा करना असली उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अनावश्यक तनाव से बचने की सलाह दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी तैयारी और सफलता की कहानी साझा की। किसी ने ऑनलाइन कोचिंग तो किसी ने लाइब्रेरी में स्व-अध्ययन के जरिए प्रवेश परीक्षा की तैयारी की। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में सेवा भाव और संवेदनशीलता सबसे महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर राजेन्द्र चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, अधिष्ठाता डॉ. प्रतिभा जैन शाह, सीएमएचओ डॉ. देवेन्द्र तूरे सहित जनप्रतिनिधि और डॉक्टर उपस्थित रहे।
