भड़काउ बयान देने और सामाजिक समरसता को बिगाड़ने के आरोप में रायपुर के इमाम को बर्खास्त कर दिया गया है। बर्खास्त इमाम का नाम मुजिबुर्ररहमान है। यह संजय नगर के गरीब नवाज मस्जिद में पिछले 20 सालों से ईमाम थे लेकिन लगातार भड़काउ बयान देने, मुस्लिम समाज के ही अलग अलग धड़ों को भड़काने के चलते इन्हें बर्खास्त कर दिया गया है। इनके खिलाफ मस्जिद की कमेटी ने छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड में शिकायत की थी, जिसके बाद ये कार्रवाई की गई है।
मस्जिद कमेटी के सचिव के मुताबिक बीते दिनों मुस्लिम समाज की एक महिला का निधन हो गया था, लेकिन इमाम ने अपनी पुरानी दुश्मनी के चलते जनाजे की नमाज अदा नहीं करने दी। उल्टा मस्जिद के लाउडस्पीकर से अनाउंस कर दूसरे लोगों को भी जनाजे की नमाज करने से मना कर दिया। इस पर बवाल और मारपीट तक हो गई, जिसके चलते मृतिका के परिवार के एक युवक की हड्डी फ्रैक्चर हो गई। इमाम पर यह भी आरोप है कि हिस्सेवाली कुर्बानी के नाम पर भी लोगों से पैसे वसूले। वहीं, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने भी कहा कि सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने और पावर के दुरुपयोग के चलते उन्हें बर्खास्त कर दिया गया है।
