मार्ग अवरुद्ध करने वालों पर चालानी कार्रवाई सहित यातायात बाधित करने वाले विज्ञापन बोर्ड व प्रचार सामग्री जप्त।

रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ.संजीव शुक्ला (भा.पू.से.)के निर्देशानुसार एवं पुलिस उपायुक्त (यातायात व प्रोटोकॉल ) डॉ. अर्चना झा के मार्गदर्शन में रायपुर शहर के व्यस्ततम मार्गों और चौक-चौराहों पर नागरिकों एवं वाहन चालकों को जाम-मुक्त, सुगम व सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने हेतु लगातार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 03.09.2026 (गुरुवार) को तेलीबांधा क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया गया।पीडब्ल्यूडी चौक से लेकर नेताजी होटल तिराहे तक सड़क सीमा पर अवैध रूप से खड़े ठेले, गुमटियों एवं दुकानदारों द्वारा किए गए कब्जों पर कार्रवाई की गई। इसके उपरांत संयुक्त बल को दो अलग-अलग टीमों में विभाजित किया गया।प्रथम टीम द्वारा रिंग रोड क्षेत्र की ओर रवाना होकर मार्ग बाधित करने वालों पर कार्रवाई की गई एवं द्वितीय टीम द्वारा श्याम नगर मार्ग की ओर बढ़ते हुए सड़क पर फैले अतिक्रमण को हटवाया गया।इस दौरान यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले ठेले-व्यवसायियों एवं दुकानदारों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया गया। साथ ही दुकानों के बाहर सड़क सीमा में अवैध रूप से लगाए गए विज्ञापन बोर्ड, होर्डिंग्स एवं अन्य प्रचार सामग्रियों को जप्त किया गया।

इसके पूर्व भी यातायात व नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा टाटीबंध एवं पचपेड़ी नाका क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई थी । यातायात पुलिस व नगर निगम द्वारा भविष्य में भी अतिक्रमण हटाने की निरंतर कार्यवाही की जाएगी।