यातायात व्यवस्था के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार तत्परता से कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में यातायात थाना टाटीबंध में पदस्थ आरक्षक 1293 दुजराम कश्यप द्वारा महोबा बाजार चौक में तत्परता एवं साहस का परिचय देते हुए एक बुजुर्ग व्यक्ति का मोबाइल छीनकर भाग रहे व्यक्ति को दौड़ाकर पकड़ लिया गया।
घटना का विवरण
आरक्षक दुजराम कश्यप की ड्यूटी महोबा बाजार चौक पर लगी हुई थी। ड्यूटी के दौरान उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति हाथ में मोबाइल लेकर सरस्वती नगर थाना की ओर से तेजी से दौड़ते हुए आ रहा था, जिसके पीछे एक बुजुर्ग व्यक्ति भी दौड़ रहा था और इशारा करते हुए मदद की मांग कर रहा था। स्थिति को समझते हुए आरक्षक दुजराम कश्यप ने तत्काल रिस्पांस करते हुए दौड़कर पकड़ लिया। इसी दौरान पीछे से बुजुर्ग व्यक्ति भी मौके पर पहुंच गया।
पूछताछ करने पर बुजुर्ग व्यक्ति ने बताया कि उक्त व्यक्ति द्वारा उसका मोबाइल छीनकर भागा जा रहा था। बुजुर्ग द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर कॉल कर मोबाइल की पुष्टि की गई। आरोपी से पूछताछ करने पर उसके द्वारा मोबाइल छीनकर भागना स्वीकार किया गया।
इसके पश्चात आरक्षक दुजराम कश्यप द्वारा तत्काल आमानाका थाना पेट्रोलिंग टीम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्यवाही हेतु थाना आमानाका ले गई।
आरक्षक दुजराम कश्यप की सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं साहसिक कार्यवाही के कारण बुजुर्ग व्यक्ति का मोबाइल तत्काल बरामद कर उसे वापस दिलाया गया तथा आरोपी को पुलिस के सुपुर्द किया गया।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
