रायपुर, दिनांक 31 जुलाई 2026
अपराधों की रोकथाम, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज प्रातः 04:30 बजे से 9:00 बजे तक पुलिस उपायुक्त (मध्य) श्री तारकेश्वर पटेल के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) श्री रमाकांत साहू के नेतृत्व में थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत बीएसयूपी लाभांडी ,बीएसयूपी तेलीबांधा (मरीन ड्राइव) एव देवार डेरा में विशेष चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान दोनों बीएसयूपी कॉलोनियों के लगभग 350 मकानों की सघन जांच की गई। इस कार्रवाई में थाना तेलीबांधा एवं पुलिस लाइन के 80 से अधिक अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
चेकिंग के दौरान बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे किरायेदारों, बिना सत्यापन के किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों तथा संदिग्ध बाहरी आगंतुकों का सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान 08 संदिग्ध व्यक्ति मिले, जिनमें मारपीट के एक प्रकरण में पिछले 08 माह से फरार आरोपी भी शामिल है। सभी संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों को “समाधान” मोबाइल ऐप के संबंध में भी जानकारी दी गई साथ ही किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई।
रायपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने यहां किरायेदार रखने से पूर्व उनका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल 112 पर दें।
मुख्य बिंदु

  • प्रातः 04:30 बजे से विशेष चेकिंग एवं सत्यापन अभियान।
  • बीएसयूपी लाभांडी ,बीएसयूपी तेलीबांधा (मरीन ड्राइव) और देवार डेरा में कार्रवाई।
  • लगभग 350 मकानों की सघन जांच।
  • 80 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवान रहे शामिल।
  • 08 संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान।
  • 08 माह से फरार मारपीट का आरोपी भी गिरफ्तार।
  • “समाधान” मोबाइल ऐप की जानकारी देकर नागरिकों को जागरूक किया गया।
  • किरायेदार सत्यापन एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना देने की अपील।
  • संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी।