आबिद रायपुर
उपरोक्त विषयांतर्गत लेख है कि पॉवर कंपनी में कार्यरत समस्त संविदा कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण मांग नियमितिकरण / रिक्त पदों पर समायोजन/संविलियन के परिप्रेक्ष्य में छ.वि.सं. कर्म. संघ (722) का चरणबद्ध आंदोलन जारी है। संघ के चरणबद्ध आंदोलन का प्रथम चरण के रूप में दिनांक 25 मई 2026 को ‘विद्युत सेवा भवन डंगनिया, रायपुर के समक्ष विशाल आमसभा पूर्ण हो चुका है तथा मांग पूरी न होने की स्थिति में द्वितीय चरण के रूप में दिनांक 22 जून 2026 से अनिश्चितकालीन कामबंद कार्यक्रम निर्धारित किया गया था।
इस तारतम्य में छ.ग. पॉवर कंपनी प्रबंधन द्वारा दिनांक 21 जून 2026 को पत्र क्रमांक 02-11/डीजीएम-एक/छ.वि.सं.कर्म. संघ / 2297, रायपुर, दिनांक 21 जून 2026 के माध्यम से संघ को दिनांक 22 जून 2026 को उच्च प्रबंधन के साथ द्विपक्षीय वार्ता हेतु आमंत्रित किया गया, किंतु उक्त मीटिंग में संघ का एक सूत्रीय मांग पॉवर कंपनी में कार्यरत संविदा कर्मचारियों का नियमितिकरण / रिक्त पद पर समयोजन / संविलियन पर चर्चा हेतु सक्षम अधिकारी उपस्थित ही नहीं हुए, जिससे संघ के प्रतिनिधियों को नियमितिकरण के विषय में बात रखने का अवसर प्रदान ही नहीं किया गया, जिस कारण संघ अपने चरणबद्ध आंदोलन का द्वितीय चरण के रूप में निर्धारित दिनांक 22 जून 2026 से अनिश्चितकालीन कामबंद को जारी रखने के लिए विवश हो गया है।
महानुभव, पूर्व में इसी पॉवर कंपनी में तत्कालीन सत्ताधीश भारतीय जनता पार्टी की सरकार के शासन काल में सत्र 2007, 2009, 2011 में संविदा पद पर भर्ती लिया गया था जिन्हें कंपनी प्रबंधन द्वारा दो वर्ष पश्चात् (क्रमशः सत्र 2009, 2011, 2013 में) नियमितिकरण किया गया था, किंतु सत्र 2016 और 2018 में संविदा पद पर भर्ती किए गए कर्मचारियों को क्रमशः 10 वर्ष और 08 वर्ष पूर्णता की ओर अग्रसर हैं किंतु आज पर्यंत तक संविदा कर्मचारी के रूप में शोषित किया जा रहा है, जबकि पॉवर कंपनी में विद्युतीय रखरखाव का कार्य स्थायी प्रकृति का होता है। पॉवर कंपनी में नियमित कर्मचारियों की भारी कमी है, जिसकी पूर्ति हेतु कंपनी प्रबंधन संविदा कर्मचारियों का शोषण कर रही है।
यह आंदोलन, मात्र एक औपचारिक लड़ाई नहीं अपितु पॉवर कंपनी में कार्यरत समस्त संविदा कर्मचारियों के अस्तित्व एवं पॉवर कंपनी में संविदा कर्मचारियों का भविष्य तथा उनके परिवारों की आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का प्रश्न है। विदित हो कि मैदानी कार्य करने वाले संविदा कर्मचारियों की स्थिति वास्तविकता में अत्यंत दयनीय है। अब तक संघ ने घातक/अघातक विद्युत दुर्घटनाओं में 41 संविदा साथियों के असमय दिवंगत होने का शोक मनाया है तथा अनेक संविदा कर्मचारी विद्युत दुर्घटनाओं में स्थायी/अस्थायी रूप से अपंगता का शिकार हो चुके हैं। इसके पश्चात् भी संविदा कमचारियों के प्रति छ.ग. पॉवर कंपनी प्रबंधन का रवैया उदासीन प्रकृति की बनी हुई है, साथ ही संविदा कर्मचारियों के नियमितिकरण की दिशा में किसी भी प्रकार की प्रक्रिया से अवगत कराने में कंपनी प्रबंधन सदैव गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार परिलक्षित करता है।
महोदय जी, अतः संघ आपसे सादर निवेदन करता है कि हम संविदा कर्मचारियों की पीड़ा को आम जनता तक पहुंचाने की कृपा करें। साथ ही यह भी स्पष्ट करता है कि मांगे पूरी न होने तक पॉवर कंपनी में कार्यरत विद्युत संविदा कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन कामबंद आंदोलन जारी रहेगा।
