शेख आबिद रायपुर
रायपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन अंतर्गत कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं रात्रिकालीन अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु डीसीपी सेंट्रल के निर्देशानुसार लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीती रात्रि थाना सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत बैजनाथपारा एवं छोटापारा क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई की गई। गश्त के दौरान पाया गया कि निर्धारित समय के पश्चात एक दुकानदार द्वारा दुकान का शटर बंद कर चोरी-छिपे सामान का विक्रय किया जा रहा था तथा अन्य व्यक्ति बंद दुकानों के सामने खड़े होकर संदिग्ध रूप से लेन-देन कर रहे थे, जिनके मध्य विवाद मारपीट की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस द्वारा तत्काल घेराबंदी कर मौके से संबंधित व्यक्तियों को पकड़ा गया। इस दौरान अखिलेश सिंह पिता संतोष सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी संतोषी नगर टिकरापारा रायपुर, सचिन जाट पिता रूप सिंह उम्र 26 वर्ष निवासी संतोषी नगर टिकरापारा रायपुर, मोह. अनशब पिता मोह. सलीम उम्र 23 वर्ष निवासी छोटापारा कोतवाली रायपुर कोतवाली रायपुर को प्रतिबंधात्मक धाराओं के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया।
रायपुर पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि रात्रिकाल में शटर बंद कर अवैध अथवा संदिग्ध गतिविधियों का संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उपरोक्त समस्त अनावेदकों को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट कोतवाली के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
