शेख आबिद

रायपुर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री अमित साहू ने दुर्ग जिले में अफीम की खेती के सामने आए मामले में प्रदेश सरकार द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई और आरोपी के भाजपा से निष्कासन के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिशों पर जमकर हमला बोला। भाजपा प्रदेश मंत्री साहू ने कहा कि इस पूरे मामले में कांग्रेस को अपना गिरेबाँ झाँकना चाहिए, जहाँ भ्रष्टाचार और अपराधों में संलिप्त और जेल तक जा चुके लोगों पर न तो निलम्बन-निष्कासन की कोई कार्रवाई हुई और न ही कोई इन मामलों को लेकर अपने जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के खिलाफ चूँ तक कर रहा है। श्री साहू रविवार को यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आहूत महती पत्रकार वार्ता को सम्बोधित कर रहे थे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री अमित साहू ने स्पष्ट किया कि भाजपा ‘शुचिता’ की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस भ्रष्टाचार और अपराधियों को संरक्षण देने का केंद्र बन चुकी है। जैसे ही अफीम की खेती के मामले में एक कार्यकर्ता की संलिप्तता की जानकारी सामने आई, भाजपा नेतृत्व ने बिना किसी देरी के कड़ा निर्णय लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आधी रात को ही संबंधित कार्यकर्ता का निष्कासन पत्र जारी कर दिया। भाजपा में गलत प्रवृत्ति और आपराधिक कार्यों में संलग्न लोगों के लिए कोई स्थान न कभी था, और न कभी होगा। श्री साहू ने कांग्रेस पर तीखे सवालों की बौछार करते हुए कांग्रेस के भ्रष्टाचार और दोहरे चरित्र का कच्चा चिट्ठा सामने रखकर कहा कि छत्तीसगढ़ की छवि को वैश्विक स्तर पर धूमिल करने वाले महादेव सट्टा एप मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर करोड़ों के लेन-देन के गंभीर आरोप लगे और जाँच में साक्ष्य भी सामने आए, लेकिन कांग्रेस ने इस पर कभी कोई संज्ञान नहीं लिया। प्रदेश में 3000 करोड़ रुपये से अधिक का शराब घोटाला हुआ। इस मामले में कवासी लखमा जेल की हवा खा चुके हैं, इसके बावजूद कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निकालने के बजाय आज भी अपना सदस्य और विधायक बनाए रखा है। कोयला घोटाला मामले में विधायक अमरजीत भगत और देवेंद्र यादव के नाम प्रमुखता से आए, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व ने आज तक इनके विरुद्ध कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई या निष्कासन नहीं किया। पीडीएस के चावल घोटाले में कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल का नाम सामने आया। वे आज तक पुलिस और जाँच एजेंसियों से फरार चल रहे हैं, फिर भी कांग्रेस उन्हें अपना कार्यकर्ता मानकर संरक्षण दे रही है। भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों में सौम्या चौरसिया लंबे समय से जेल में बंद हैं, लेकिन कांग्रेस ने उनके कृत्यों पर कभी भी नैतिक जिम्मेदारी नहीं ली।
भाजपा प्रदेश मंत्री श्री साहूने कहा कि जहाँ भाजपा ने चंद घंटों में अपने कार्यकर्ता पर कार्रवाई की, वहीं कांग्रेस ने जेल जा चुके, फरार और करोड़ों के गबन के आरोपियों को अपने सिर पर बैठा रखा है। “कांग्रेस आज मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जो राजनीति कर रही है, वह हास्यास्पद है। जिस पार्टी के अपने नेता भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में जेल काट रहे हैं, फरार हैं या बेल पर हैं, उन्हें भाजपा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। भूपेश बघेल पर करोड़ों के गबन के आरोप हैं, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें कभी निष्कासित नहीं किया। श्री साहू ने दोहराया कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवादियों और सिद्धांतों की पार्टी है। यहाँ अनुशासन सर्वोपरि है। कांग्रेस का इतिहास घोटालों और अपराधियों को पालने का रहा है, जबकि भाजपा ने कार्रवाई कर यह सिद्ध कर दिया है कि अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।