बिलासपुर। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही ने चार जिंदगियां छीन लीं। बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा देर रात करीब 2 बजे ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक CG 11 BD 9044 अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG 04 MQ 4220 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पास खड़े एक अन्य ट्रेलर से टकराकर पलट गया और स्कॉर्पियो पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
हादसे में स्कॉर्पियो सवार छत्रपाल रात्रे (37 वर्ष), विशाल लहरे (24 वर्ष), अनमोल लहरे (14 वर्ष) और देवेंद्र मिरी (32 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रकाश रात्रे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि सभी मृतक एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण गैस कटर की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर रॉन्ग साइड और तेज रफ्तार से चलने वाले भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
