बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है, जिसके बाद पूरे न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी मिलने की सूचना के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। हाईकोर्ट परिसर को एहतियातन खाली कराया गया और बम स्क्वायड व डॉग स्क्वायड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सघन जांच शुरू कर दी।
हर कोने की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनज़र हाईकोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस साइबर टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुट गई है। आईपी एड्रेस और सर्वर की जांच की जा रही है, ताकि धमकी देने वाले तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
