छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में करोड़ों की ज्वेलरी लूट के पीछे एक सनसनीखेज साजिश का खुलासा हुआ है। इस वारदात के तार बीजेपी नेता बंधु मौर्य की सुपारी किलिंग से जुड़े मिले हैं। बताया जा रहा है कि बंधु मौर्य की हत्या के लिए 25 लाख रुपये की डील हुई थी। 6 लाख रुपये एडवांस लेकर अंतरराज्यीय गैंग बिलासपुर पहुंचा था। इस साजिश में स्थानीय बदमाश नारद उर्फ सुमित श्रीवास भी शामिल था।
17 फरवरी को महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी पर कट्टे की बट और हथौड़ी से जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने 2 किलो से ज्यादा सोना लूट लिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि इससे पहले भी हत्या की कोशिश की गई थी, लेकिन उस समय प्लान फेल हो गया था। मामले में मिर्जापुर से 4, अंबिकापुर से 1 और बिलासपुर से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कुल 7 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।
एसएसपी बिलासपुर रजनेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कट्टा, कारतूस, चाकू और तीन कार बरामद की हैं। लूट का पूरा माल भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी वारदात टल गई है।