शेख आबिद
छत्तीसगढ़ के गौरेला, पेंड्रा,मरवाही जिले में एक अनोखी शादी हुई है। जहां अमेरिकी दुल्हन भारतीय बहू बनकर आई है। पेंड्रा के रहने वाले अंकित साहू सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, वह अमेरिका में जॉब करते थे जहां उनकी मुलाकात कायला से हुई थी। दोस्ती के बाद दोनों ने छत्तीसगढ़ में शादी के लिए तैयारी की, 5 फरवरी 2026 क़ो यह शादी भारतीय रीति रिवाज से अमरकंटक के नर्मदे आनंदम रिजॉर्ट में हुई। इस दौरान कई मेहमान अमेरिका से पहुंचे थे। शहर में इस शादी की काफी चर्चा है। पेंड्रा निवासी रमेश साहू होटल व्यवसायी हैं, अंकित साहू उनके पुत्र हैं। वे इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए अमेरिका के मिलवोकी गए थे। सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने के बाद उन्होंने वही एक कंपनी में नौकरी शुरू की। इसी दौरान उनका परिचय मिस कायला से हुआ, जो अमेरिका की कंपनी में मैकेनिकल इंजीनियर के तौर पर पार्ट्स डिजाइन का काम करती है। अंकित और कायला ने आपसी सहमति से विवाह का निर्णय लिया। उनका विवाह 5 फरवरी 2026 को पूर्णतः भारतीय पारंपरिक तौर -तरीको से संपन्न हुआ। विवाह समारोह में वधू पक्ष से लगभग डेढ़ दर्जन लोग अमेरिका से पहुंचे थे, जबकि वर पक्ष से भी बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। यह विवाह अत्यंत हर्षोल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। भारतीय मूल का युवक और अमेरिकी मूल की युवती के विवाह की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। और लोग इसकी सराहना कर रहे हैं। शादी के दौरान विदेशी मेहमानों और नव विवाहित जोड़ों के साथ तस्वीर लेने के लिए लोगों में उत्साह देखा गया है।
