जनपद पंचायत मरवाही से 8 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत बरौर में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय निवासी रविन्द्र प्रताप सिंह के घर में अचानक एक विशालकाय 8 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया।अजगर घर के रेके में छिपा बैठा था। परिवार के लोगों ने तुरंत स्थानीय रेस्क्यू टीम को फोन कर मदद मांगी।सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम के सदस्य मुकुंद पैकरा,शक्ति ताम्रकार, अनीस मसीह मसीह और राहुल गुप्ता की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने रेस्क्यू कर अजगर को आधे घंटे के अंदर पकड़ लिया। पकड़ने के बाद टीम ने उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। टीम के सदस्य मुकुंद पैकरा ने बताया कि अजगर विषैला नहीं होता लेकिन इसकी ताकत बहुत अधिक होती है। इसलिए इसे लापरवाही से नहीं पकड़ना चाहिए नहीं तो यह गंभीर चोट पहुंचा सकता है।इसीलिए इसे पकड़ने में विशेष सावधानी बरती गई।यह घटना सोशल मीडिया में भी काफी वायरल हो चुकी है। आसपास के घरों से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिए हैं। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मानसून के मौसम में अक्सर सांप और अजगर जैसी प्रजातियां ग्रामीण इलाकों और घरों के आसपास आ जाती है। ऐसे में ग्रामीणों को घबराने की वजाय रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना देना चाहिए। वन विभाग ने यह भी अपील की है कि लोग सांप या अजगर को पकड़ने की कोशिश ना करें क्योंकि यह जान लेवा हो सकता है।लोग अजगर को देखकर परेशान थे, कि इतना बड़ा अजगर घर के अंदर कैसे घुस गया और लोगों की निगाह नहीं पड़ी।