रायपुर, 12 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 13 नवंबर को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली पहुंचकर जिलेवासियों को 465 करोड़ 40 लाख 82 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री 68 करोड़ 14 लाख 52 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके 24 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। वहीं 397 करोड़ 26 लाख 30 हजार रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे से जिले में सड़क, सिंचाई, अधोसंरचना और जनसुविधाओं के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। शिलान्यास एवं भूमिपूजन किए जाने वाले कार्यों में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आदिवासी विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा नगर पालिका परिषद लोरमी के विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा सहित बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की भी सहभागिता रहेगी।