रायपुर, 13 नवंबर। छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शंकर घाट, महामाया घाट और गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट पहुंचकर साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंत्री अग्रवाल ने शंकर घाट के निरीक्षण के दौरान घाट परिसर की स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी और श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
इसके बाद मंत्री ने महामाया घाट पहुंचकर पूजा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और घाट पर स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट का निरीक्षण करते हुए उन्होंने साफ-सफाई और पूजा संबंधी तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए कहा।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छठ महापर्व सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और आस्था का प्रतीक है। यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने वाला पर्व है। छठ पूजा के दौरान व्रती कठिन नियमों और अनुशासन का पालन करते हुए भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना करते हैं। ऐसे में घाटों पर उनकी सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी घाटों पर स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित आवागमन और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने छठ महापर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
